Swat Commando Kajal Murder: मृतका काजल चौधरी के भाई निखिल ने 22 जनवरी की उस भयावह घटना के बारे में कांपती आवाज में पीटीआई को बताया, जब काजल के पति अंकुर ने भारी डम्बल से उसके सिर पर वार किया था. निखिल ने कहा, अंकुर ने मुझे कॉल रिकॉर्ड करने को कहा, और कहा कि इसे पुलिस सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है. फिर उसने मुझे बताया कि वह काजल को मार रहा है. और फिर, मैंने उसकी चीखें सुनीं.
काजल का पति अंकुर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की विशेष प्रकोष्ठ में तैनात काजल, हमले के समय मोहन गार्डन स्थित अपने आवास पर थीं. रक्षा मंत्रालय में क्लर्क उसके पति अंकुर को हमले के कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया. वह दिल्ली छावनी में तैनात था. काजल ने पांच दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद, 27 जनवरी की सुबह गाजियाबाद के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया.
काजल की हत्या की खौफनाक दास्तान
संसद मार्ग थाने में तैनात कांस्टेबल निखिल ने बताया कि घटनाक्रम अंकुर के फोन कॉल से शुरू हुआ. उसने मुझे फोन कॉल किया और कहा, अपनी बहन को समझा ले. मैंने उसे शांत होने के लिए कहा और तुरंत अपनी बहन को फोन कॉल किया. काजल आम तौर पर हमें अपने बारे में ज्यादा कुछ नहीं बताती थी, लेकिन उस दिन वह अपनी आपबीती सुना रही थी. जब हम बात कर रहे थे, तो अंकुर इस बात से नाराज हो गया कि वह मुझे बातें क्यों बता रही है और उसने उससे फोन छीन लिया. फिर उसने मुझसे कहा, इस कॉल को रिकॉर्डिंग पर रख, पुलिस एविडेंस में काम आएगा. मैं तेरी बहन को मार रहा हूं. पुलिस मेरा कुछ नहीं कर पाएगी. फिर मैंने काजल की चीखें सुनीं. कॉल अचानक कट गई.
‘बहन मर गई है अस्पताल आ जाओ’
निखिल ने बताया, लगभग पांच मिनट बाद फिर फोन बजा. दूसरी ओर से अंकुर ने कहा, ये मर गई है. अस्पताल आ जाओ. इसके बाद हम पुलिसकर्मियों के साथ तुरंत वहां पहुंचे. वह और उसके परिवार के सदस्य पहले से ही मौजूद थे. जब मैंने अपनी बहन को देखा. दुश्मन भी किसी को इस तरह नहीं मारता. काजल का सिर बुरी तरह से कुचला गया था और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे. निखिल ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन को कई अस्पतालों में भर्ती कराने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कथित तौर पर बताया गया कि उसके बचने की संभावना बहुत कम है. अंततः उसे गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई.
दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का केस दर्ज
निखिल की शिकायत के आधार पर मोहन गार्डन थाने में मामला दर्ज किया गया है. अंकुर और उसके रिश्तेदारों पर गर्भावस्था के दौरान काजल को लंबे समय तक यातना देने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है. दंपति का डेढ़ साल का एक बेटा है, जो फिलहाल अपने नाना-नानी के साथ है. निखिल ने कहा, उनके बेटे को इस घटना के बारे में कुछ भी पता नहीं है, और हमने फैसला किया है कि हम ही उसकी परवरिश करेंग्र. जब वह समझदार हो जाएगा और ऐसी बातें समझने लगेगा, तब हम उसे बताएंगे.
2023 में हुई थी काजल की शादी
काजल और उसका पति अंकुर पानीपत में कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानता था और 23 नवंबर, 2023 को उनकी शादी हुई थी. परिवार के अनुसार, हरियाणा के गन्नौर स्थित अपने पैतृक घर में लगातार झगड़ों के कारण, वे दिसंबर 2024 में पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन में किराए के मकान में रहने चले आए. हालांकि, लड़ाई झगड़े जारी रहे. पुलिस ने बताया कि आर्थिक तंगी और घरेलू झगड़े भी तनाव का कारण थे. दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, दंपति ने कुछ कर्ज ले रखा था और अक्सर पैसों और घर खर्च को लेकर उनके बीच बहस होती रहती थी.
पोस्ट दिल्ली में स्वॉट कमांडो काजल की खौफनाक हत्या, चीख रही थी बहन और बेबस भाई कुछ नहीं कर पाया पर पहली बार दिखाई दिया Prabhat Khabar.