मधेपुर के महपतिया पंचायत में उपभोक्ताओं ने अनाज नहीं मिलने की शिकायत पर डीलर सुनील कुमार मंडल की दुकान पर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप था कि डीलर पिछले चार महीनों से अनाज नहीं दे रहा है, जबकि वह हर…
मधेपुर। अनाज नहीं मिलने की शिकायत पर सैकड़ों उपभोक्ताओं ने गुरुवार को डीलर के दुकान पर जमकर बवाल काटा। मामला प्रखंड की महपतिया पंचायत के बेली टोल वार्ड 9 के डीलर सुनील कुमार मंडल की दुकान की है। इस पीडीएस डीलर की दुकान से दो मृत डीलर का भी दुकान टैग है। एक दुकान महपतिया पंचायत के मृत डीलर राम नारायण महतो का तथा एक दुकान द्वालख पंचायत के मृत डीलर जगदेव राम का टैग है। गुरुवार सुबह बेली टोल, महपतिया, द्वालख एवं परसौनी गांव के सैकड़ों उपभोक्ता अनाज लेने महपतिया पंचायत के बेली टोल स्थित डीलर सुनील कुमार मंडल के यहां पहुंचे। उपभोक्ताओं के हाथ में तीन से चार महीने का पर्ची था। चार महीने का अनाज देने की मांग को लेकर सैकड़ों उपभोक्ता हो-हंगामा करने लगे। खाद्यान्न लेने पहुंचे उपभोक्ताओं का आरोप था कि डीलर विगत चार महीना से अनाज नहीं दे रहा है। जबकि प्रत्येक माह घर पर पहुंचकर अंगूठा ले आता है। लोगों का आरोप था कि डीलर अनाज कालाबाजारी में बेच देता है। लाभुकों की भीड़ देखकर डीलर ने पहले भेजा थाने के 112 नंबर पुलिस को फोन किया। भेजा थाने की 112 नंबर की गाड़ी से पुलिस कर्मी पहुंचे। लेकिन, हंगामा नहीं संभला। इसके बाद डीलर ने थाना को फोन किया।
भेजा थाना के अपर थानाध्यक्ष वशिष्ट कापर पुलिस बलों के साथ बेली टोल डीलर के गोदाम सह दुकान पर पहुंचकर लोगों द्वारा की जा रही हो-हंगामा को शांत करवाया। महपतिया गांव के फरहाना ख़ातून, जुलेखा, अख्तरी बेगम सहित अन्य लोगों का कहना था कि प्रत्येक महीना घर पर आकर डीलर अंगूठा ले आता है। जब अनाज लेने आते हैं तो आज-कल की बात कहकर वापस कर देता है। गुरुवार को सभी लाभुक हाथ में पर्ची लेकर आये हुए थे तथा खाद्यान्न लेने पर तुले हुए थे। एक साथ इतने लोगों के पहुंचने के कारण वहां अफरातफरी की स्थिति बन गई। इस संबंध में एमओ धीरेंद्र कुमार झा ने बताया कि डीलर सुनील कुमार मंडल की पहले भी शिकायत मिली है। जिस कारण एसडीओ द्वारा दो बार डीलर से स्पष्टीकरण भी पूछा गया है। इसका एकबार जवाब भी डीलर द्वारा नहीं दिया गया है। एमओ धीरेंद्र कुमार झा ने बताया कि गुरुवार के हो-हंगामा की सूचना मिली है। वरीय अधिकारियों के आदेश पर डीलर के विरूद्ध जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।