आखरी अपडेट:
Sheohar vidhan sabha election: शिवहर विधानसभा सीट से जनता दल (यू) की प्रत्याशी डॉ. श्वेता गुप्ता ने नामांकन दाखिल करते हुए अपने शपथपत्र में करोड़ों की संपत्ति का ब्योरा दिया है. पेशे से चिकित्सक श्वेता गुप्ता और उनके पति डॉ. वरुण कुमार सीतामढ़ी में नंदीपत मेमोरियल हॉस्पिटल, डीपीएस स्कूल और रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं.
शपथपत्र के अनुसार, श्वेता के पास कुल 13.58 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 3.87 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है. वहीं, उनके पति के पास 6.95 करोड़ रुपये की अचल और 2.60 करोड़ रुपये की चल संपत्ति दर्ज है. दोनों की संयुक्त संपत्ति लगभग 20.06 करोड़ रुपये है.

डॉ. श्वेता गुप्ता के पास सीतामढ़ी जिले के लगमा, नियमतुल्लापुर और डुमरा इलाके में कृषि और आवासीय भूमि है, जिसकी कुल बाजार कीमत लगभग 13.58 करोड़ रुपये बताई गई है. इनके नाम पर डीपीएस स्कूल भवन, अस्पताल परिसर, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक भवन शामिल हैं. पति डॉ. वरुण कुमार के नाम पर नंदीपत मेमोरियल हॉस्पिटल, निजी क्लिनिक, आवासीय मकान और अन्य भूखंड हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 6.95 करोड़ रुपये आंकी गई है.

श्वेता गुप्ता और उनके पति के पास टोयोटा फॉर्च्यूनर, इननोवा क्रिस्टा और टोयोटा ग्लैंजा जैसी तीन लग्जरी कारें हैं. इसके अलावा, श्वेता के पास 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने, जबकि उनके पति के पास 32 लाख रुपये के आभूषण हैं. श्वेता के पास नकद 3.54 लाख और बैंक खातों में 12.67 लाख रुपये, वहीं वरुण कुमार के पास नकद 2.08 लाख और बैंक में 6.44 लाख रुपये जमा हैं. दोनों नियमित रूप से आयकर रिटर्न भी दाखिल करते हैं.

डॉ. श्वेता गुप्ता ने ICICI बैंक से ₹3.18 करोड़ और HDFC बैंक से ₹12.67 लाख का लोन लिया है, जबकि उनके पति वरुण कुमार के पास लगभग ₹2.94 करोड़ का बैंक ऋण बकाया है. दोनों की कुल बैंक लोन राशि लगभग 4.25 करोड़ रुपये है। इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है. दोनों पेशे से चिकित्सक होने के नाते राजनीति में कदम रखते हुए अपनी संपत्ति और वित्तीय स्थिति का पूर्ण खुलासा किया है.

हालांकि, डॉ. श्वेता गुप्ता पेशे से चिकित्सक हैं, उनके बड़े व्यवसाय और करोड़ों की संपत्ति को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं. विपक्षी दल दावा कर रहे हैं कि अस्पताल, स्कूल और रेस्टोरेंट जैसी व्यावसायिक संपत्तियों के चलते उनके फैसलों में व्यक्तिगत हित शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा पति पत्नी के नाम 4.25 करोड़ रुपये के बैंक लोन को लेकर भी आलोचना हो रही है.