देश के कई हवाई अड्डों पर मंगलवार (2 दिसंबर) को चेक-इन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण उड़ानों की समय-सारिणी पर बुरा असर पड़ा. हालांकि, एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइंस की टेक्निकल टीमों ने तेजी से काम करते हुए कुछ ही समय में इस समस्या को हल कर लिया और स्थिति फिर सामान्य हो गई.
एयर इंडिया ने देर शाम एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि खराबी पैदा करने वाला थर्ड-पार्टी सिस्टम अब पूरी तरह से दुरुस्त हो चुका है. एयरलाइन ने कहा कि देशभर के सभी एयरपोर्ट्स पर चेक-इन प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है और हमारी सभी उड़ानें तय शेड्यूल के अनुसार संचालित हो रही हैं. एयर इंडिया ने यात्रियों का सहयोग करने और संयम बनाए रखने के लिए आभार भी जताया.
एयर इंडिया ने दी ये जानकारी
इससे पहले, एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी थी कि थर्ड-पार्टी सिस्टम में रुकावट आने से चेक-इन सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिसकी वजह से उनकी कई उड़ानों के साथ अन्य एयरलाइनों की फ्लाइट्स भी देरी का सामना कर रही थीं. एयरलाइन ने बताया कि एयरपोर्ट की टीमें यात्रियों को बिना परेशानी के चेक-इन सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही थीं. कंपनी ने यात्रियों से अपील की था कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति एयर इंडिया की वेबसाइट पर चेक कर लें और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखें.
तृतीय-पक्ष प्रणाली पूरी तरह से बहाल कर दी गई है, और सभी हवाई अड्डों पर चेक-इन सामान्य रूप से कार्य कर रहा है। हमारी सभी उड़ानें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं।
हम अपने यात्रियों को उनकी समझ के लिए धन्यवाद देते हैं।
– एयर इंडिया (@airindia) 2 दिसंबर 2025
कई एयरपोर्ट्स पर चेक-इन सिस्टम हुए ठप
मंगलवार शाम कई एयरपोर्ट्स से चेक-इन सिस्टम ठप होने और लंबी कतारों की तस्वीरें सामने आई थीं, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई. एयर इंडिया ने रात 9.49 बजे पहली अपडेट शेयर की, जिसमें देरी की पुष्टि की गई थी. इसके ठीक एक घंटे बाद रात 10.49 बजे एयरलाइन ने एक और पोस्ट में बताया कि तकनीकी गड़बड़ी पूरी तरह दूर हो चुकी है और सभी प्रक्रियाएं सामान्य रूप से काम कर रही हैं. एयरलाइन ने दोहराया कि सभी उड़ानें अब शेड्यूल के मुताबिक संचालित हो रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें-