टीकमगढ़ में कांग्रेस के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि भाजपा ईवीएम में हेरफेर कर चुनाव जीत रही है और एक दिन यह घोटाला सामने आएगा। पटेल ने यह बात महू में 27 जनवरी से शुरू होने वाली ‘जय संविधान रैली’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।
.
पूर्व मंत्री ने दावा किया कि भाजपा ने चुनाव आयोग समेत सभी सरकारी संस्थाओं में अपने लोग नियुक्त कर रखे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार हजारों वोटों से जीत रहे थे, लेकिन ईवीएम में गड़बड़ी के कारण भाजपा ने बाजी मार ली।
कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के कई नेता रहे मौजूद।
कमलेश्वर पटेल ने भाजपा पर देश की संपत्ति बेचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण सरकारी संपत्तियां अदानी को बेच दी हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की संभागीय प्रभारी रेखा चौधरी, प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार, टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बता दें कि कांग्रेस पार्टी डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू से जय संविधान रैली निकालेगी, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह के कथित अंबेडकर विरोधी बयानों को भी उठाया जाएगा।