मनाली में जल शक्ति विभाग द्वारा पानी के बिलों में की गई पांच गुना बढ़ोतरी होने पर विरोध तेज हो गया है। होटल एसोसिएशन के सदस्य और समाजसेवी सुभाष ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया, तो मनाली के लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हों
.
पत्रकारों से बातचीत में सुभाष ठाकुर ने कहा कि पानी के बिलों में पांच गुना वृद्धि न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि शिमला में उठाऊ पेयजल योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, जबकि मनाली में विभाग को ऐसा कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ता। इसलिए शिमला की तर्ज पर बिल बढ़ाना तर्कसंगत नहीं है।
ठाकुर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में विधायक भुवनेश्वर गौड़ से भी आग्रह किया है। विधायक ने आश्वासन दिया है कि बढ़े हुए पानी के बिलों को जल्द ही वापस लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर होटल एसोसिएशन के चुनाव के दौरान भी उन्होंने सदस्यों को समाधान का आश्वासन दिया था।
सुभाष ठाकुर ने कहा कि वह तब तक इस लड़ाई को लड़ते रहेंगे, जब तक लोगों को राहत नहीं मिल जाती। उन्होंने विधायक के आश्वासन के बाद कुछ समय इंतजार करने की बात कही। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार बढ़े हुए बिलों में राहत नहीं देती है, तो वे लोगों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।