सिवनी जिले में एक सप्ताह से मानसून की रिमझिम बारिश के बीच किसान तेजी से फसलों की बुआई कर रहे हैं। कृषि विभाग के अनुसार, 60 प्रतिशत किसानों ने मक्के की बुआई पूरी कर ली है। धान की बुआई का काम 70 से 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है।
।
जिले में 1 जून से 22 जून तक 74.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। घंसौर में सबसे अधिक 211.0 मिमी बारिश हुई। धनौरा में 95.0 मिमी, लखनादौन में 87.6 मिमी, केवलारी में 76.2 मिमी, छपारा में 56.0 मिमी, सिवनी में 50 मिमी, कुरई में 15.0 मिमी और बरघाट में 8.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
किसानों के अनुसार, हलकी बारिश से खेतों की मिट्टी बुआई के लिए उपयुक्त हो गई है। तेज बारिश से मिट्टी दलदली हो जाती है, जिससे बुआई में परेशानी होती है। सभी किसानों ने धान की नर्सरी तैयार कर ली है और अब धान रोपाई के लिए भारी वर्षा का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में मक्का और धान के अलावा सोयाबीन, अरहर, मूंग, उड़द और मूंगफली की भी बुआई की जा रही है।
खरीफ सीजन 2024-25 के लिए धान रोपा का लक्ष्य 160 से 180 हेक्टेयर, मक्का का 188 से 180 हेक्टेयर, अरहर का 23.5 हेक्टेयर और सोयाबीन का 15 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है।



