- कोई समाचार नहीं
- राष्ट्रीय
- चुनाव गुजरात केरल पश्चिम बंगाल पंजाब लुधियाना लाइव नवीनतम अद्यतन द्वारा विधानसभा सीटें
गांधीनगर/कोलकाता/लुधियाना/तिरुवनंतपुरम24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सभी 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है।
देश के 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह से वोटिंग शुरू हो गई है। इनमें गुजरात की 2, पंजाब-केरल और पश्चिम बंगाल की एक-एक सीट शामिल हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, इन सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। उपचुनाव का रिजल्ट 23 जून को आएगा।
गुजरात और पंजाब में कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बंगाल में कांग्रेस-लेफ्ट साथ मिलकर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, केरल में एक दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं।

उपचुनाव के वोटिंग की तस्वीरें…

पंजाब: कांग्रेस कैंडिडेट भारत भूषण आशु ने लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में मालवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बूथ नंबर 72-76 पर वोट डाला।

पश्चिम बंगाल: कालीगंज उपचुनाव के लिए नादिया पोलिंग बूथ 171 पर मतदान जारी है।

गुजरात: जूनागढ़ में विसावदर विधानसभा उपचुनाव के लिए पोलिंग बूथ पर वोट डालता एक मतदाता।

केरल: नीलांबुर विधानसभा सीट पर वोटिंग जारी है। बूथ नंबर 184 गर्वमेंट लोअर प्राइमरी स्कूल वीट्टीकुथ की तस्वीर।
विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की वजह
1. गुजरात: 2 सीटें
- कडी: भाजपा विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी का इसी साल फरवरी में निधन हो गया था, जिसके चलते ये सीट खाली हुई थी।
- विसावदर: आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक भूपेंद्रभाई गंडूभाई भायानी ने 13 दिसंबर 2023 पद से इस्तीफा दिया था। वे भाजपा में शामिल हुए थे। तब से ये सीट खाली है। साल 2022 में भाजपा के हारे प्रत्याशी हर्षद रीबडिया ने गुजरात हाईकोर्ट में भायानी की जीत को चुनौती दी थी। मार्च में हर्षद ने अपनी याचिका वापस ले ली थी, जिसके बाद उपचुनाव का रास्ता साफ हुआ था। उपचुनाव में AAP ने गोपाल इटालिया को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस और AAP गठबंधन में हैं। भाजपा से किरीट पटेल प्रत्याशी हैं।
2. पंजाब: एक सीट
- लुधियाना पश्चिम: AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का इसी साल जनवरी में निधन हुआ था। इसके बाद से ये सीट खाली है। इस सीट पर कुल 14 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है। वे 2022 से राज्यसभा सांसद हैं। कांग्रेस ने अपने पूर्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु को मैदान में उतारा है। आशु पहले की कांग्रेस सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। भाजपा ने जीवन गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। वे पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य हैं। वो पहले पार्टी के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं।
3. पश्चिम बंगाल: एक सीट
- कालीगंज: TMC विधायक नसीरुद्दीन अहमद का 2 फरवरी 2025 को हार्ट अटैक से निधन हो गया था। तब से ये सीट खाली है। TMC ने नसीरुद्दीन अहमद की बेटी अलीफा अहमद को उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा ने स्थानीय पंचायत सदस्य और पूर्व मंडल अध्यक्ष आशीष घोष को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने काबिल उद्दीन शेख को उम्मीदवार बनाया गया है। CPI (M) ने काबिल को समर्थन दिया है।
4. केरल: एक सीट
- नीलांबुर: 2021 में वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के समर्थन से स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर पी.वी. अनवर विधायक चुने गए थे। सितंबर 2024 में केरल सीएम विजयन और LDF के बीच मतभेद के चलते 13 जनवरी 2025 को अनवर ने इस्तीफा दिया था। इसके बाद वे TMC में शामिल हो गए थे। उपचुनाव में TMC से पी.वी. अनवर, कांग्रेस से आर्यदान शौकत, CPI(M) से एम. स्वराज और भाजपा से माइकल जॉर्ज प्रत्याशी हैं।
राज्यों में वर्तमान सरकार की स्थिति
गुजरात: यहां भाजपा की सरकार है। भूपेंद्र पटेल CM हैं। कुल विधानसभा सीटें 182 हैं। भाजपा के पास 161 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 12 और AAP के पास चार हैं। जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी और दो निर्दलीय के पास है।
पश्चिम बंगाल: राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। ममता बनर्जी CM हैं। कुल विधानसभा की 294 सीटें हैं। TMC के पास 215 विधायक हैं। भाजपा के पास 77 सीटें हैं। कांग्रेस का कोई भी विधायक नहीं है।
पंजाब: यहां आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार है। भगवंत मान CM हैं। कुल विधानसभा सीटें 117 हैं। AAP के पास 91 सीटें हैं। कांग्रेस के पास 18 सीट, शिरोमणि अकाली दल (SAD) के पास 3 सीट, BSP के पास 1 और BJP के पास 2 सीटे हैं। एक विधायक निर्दलीय है।
केरल: यहां लेफ्ट डेमोक्रेटिक फंट (LDF) की सरकार है। पिनाराई विजयन CM हैं। कुल विधानसभा सीटें 140 हैं। LDF के पास 98 सीटें हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के पास 41 सीटें हैं।
————————————————————–
चुनाव आयोग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
अब 15 दिन में वोटर आईडी कार्ड देगा चुनाव आयोग: नई प्रॉसेस रजिस्ट्रेशन और कार्ड करेक्शन पर भी लागू; पहले 30 दिन से ज्यादा लगते थे

अब वोटर लिस्ट में किसी भी अपडेट के 15 दिनों के अंदर लोगों को उनके वोटर आईडी कार्ड दे दिए जाएंगे। चुनाव आयोग ने बुधवार को कहा है कि उसने वोटर आईडी कार्ड देने के लिए नई प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें नए रजिस्ट्रेशन या मौजूदा वोटर की जानकारी में बदलाव शामिल हैं। इसके अलावा वोटर्स को SMS भी मिलेंगे, जिससे उन्हें उनके कार्ड का अपडेट मिलता रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…