भगवानपुर में शारदीय नवरात्र के दौरान पूजा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाटक और मेले का आयोजन किया गया। दूर-दूर से श्रद्धालु मां…
भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। भगवानपुर में शारदीय नवरात्र में पूजा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा अर्चना के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी जगहों पर मूर्तियों एवं पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सड़कों पर लाइट की व्यवस्था की गई थी। लोगों के मनोरंजन के लिए पूरे क्षेत्र में जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाटक व अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूजा पंडालों के पास मेला का भी आयोजन किया गया। मेला घूमने आए युवक – युवतियां, महिलाएं, बच्चे व बुजुर्ग भी काफी उत्साहित देखे गए। सारीपट्टी में बनी मां दुर्गा की मूर्ति एवं पूजा पंडाल लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना रहा। दूर – दराज से लोग मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा व पंडाल देखने के लिए आए थे। पूजा पंडालों में युवक- युवतियां सेल्फी लेते देखे गए। भगवानपुर पुरानी बाजार में नवयुवक समिति की टीम ने नाटक का मंचन किया। स्थानीय युवा कलाकारों की टीम द्वारा प्रस्तुत किया गया नाटक में लोगों की भीड़ लगी रही। नया बाजार में मनोकामना मंदिर के पास लोकगीत, जागरण की धूम रही। इसमें आए कलाकारों की प्रस्तुति पर लोग झूम उठे। मलमलिया हनुमान गढ़ी मंदिर के पास नवरात्र में रामलीला एवं रासलीला का आयोजन हुआ। इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर में स्थापित माता के मंदिर में पूजा अर्चना के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। सभी पूजा पंडालों में हवन के बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया। लोगों ने अपने घरों में कलश स्थापित कर मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। नवमी को लोगों ने हवन के साथ पूजा की पूर्णाहुति कर कन्या पूजन कर उन्हें भोज कराया और बाल कन्या रूपी माता का आशीर्वाद लिया। नवरात्र का व्रत करने वाले भक्तों ने नवमी को हवन पूजा कर अपने व्रत तोड़ा। 42 स्थानों पर पूजा पंडालों में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर की गई पूजा अर्चना थाना क्षेत्र में 42 स्थानों पर पूजा पंडालों में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। इसके लिए पूजा समितियों को लाइसेंस निर्गत किया गया था। प्रखंड क्षेत्र के बिठुन देवी स्थान, खेढ़वां काली स्थान, मलमलिया हनुमान गढ़ी मंदिर, ब्रह्मस्थान में महेश ब्रह्म मंदिर, मुख्यालय के नया बाजार के मनोकामना माता मंदिर, पुरानी बाजार के दुर्गा मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में माता की पूजा अर्चना के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। मुख्यालय के थाना मोड़, रामपुर, चांदनी चौक, चक्रवृद्धि – महम्मदपुर मोड़, सोंधानी, चोरौली, माघर, महमदा, मोरा, सकरी सहित पूरे क्षेत्र में पंडालों में माता की मूर्ति स्थापित कर पूजा अर्चना की गई। बीडीओ कुमार विशाल, सीओ धीरज कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष रमाशंकर साह सहित विभिन्न पदाधिकारी पूजा को लेकर काफी सक्रिय दिखे। जगह-जगह, चौक चौराहों तथा पूजा पंडालों के पास मजिस्ट्रेट व महिला तथा पुरुष बलों की तैनाती की गई थी। कुछ जगहों पर शनिवार को दशमी तिथि को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बहुत हीं धूम धाम तथा बैंड – बाजे के साथ किया गया।