बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस बार जाति व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि भारत की हर गली में अब बजरंग बली की ही चलेगी।
हिंदू राष्ट्र और सनातन धर्म पर अपने बेबाक बयानोंं के लिए प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस बार जाति व्यवस्था को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम भारत से जात-पात, भेदभाव, ऊंच-नीच और छुआछूत को मिटाकर ही मानेंगे। इसके बजाय देश में सिर्फ दो जातियां ही होनी चाहिए अमीर की और दूसरी गरीब की।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित अपने गांव गढ़ा में है और नवरात्रि के नौ दिनों तक गांव में ही रहकर उन्होंने माता रानी की आराधना की है। इसी बीच उन्होंने कथा के दौरान एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह भारत देश जात-पात और छुआछूत जैसी कुरीतियों को हटाकर ही रहेंगे। इसके लिए भले ही उन्हें कुछ भी क्यों ना करना पड़े।
नौ दिनों में हमने तैयारी कर ली है
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हमने नौ दिन में तैयारी कर ली कि अब भारत से जात-पात, भेदभाव, ऊंच-नीच और छुआछूत को हम मिटाकर ही मानेंगे। उन्होंने कहा कि हमने भारत में यह भी तैयारी कर ली है कि सरनेम तो सबके रहेंगे पर सरकार को दो जातियां बनानी चाहिए। अगर सरकार को जाति बनाने का शौक है तो दो जातियां बना दी जाएं एक अमीर की और दूसरी गरीब की। ताकि भारत का विकास हो, भारत समृद्ध हो और गरीबों के साथ अन्याय और अत्याचार ना हो, और भारत में वर्तमान में हो रहे अंधविश्ववास को इन्हीं के बल पर रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देखो कोई भी सरकार यह काम नहीं करेगी, हमारा तो विचार थोड़ा अलग है। अब तुम्हें अपनी सरकार खुद बनना है। केवल बागेश्वर बाबा हिंदू राष्ट्र नहीं बना पाएंगे। अब भारत के हर युवा भाई-बहन को बागेश्वर बाबा बनना पड़ेगा।
हर गली में अब बजरंग बली की ही चलेगी
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत की हर गली में अब बजरंग बली की ही चलेगी। अगर तुम राम के नहीं तो सच में किसी काम के नहीं हो। उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र मेरे अकेले के कहने से नहीं होगा। आप सभी को भी इसमें सहयोग करना होगा|
रिपोर्ट : जयप्रकाश