‘मेरी बेटी काफी जिद्दी स्वभाव की थी। उसके एक जिद के कारण वो आज दुनिया में नहीं है। मेरा बेटा पुलिस के पकड़े जाने के डर से भागा-भागा फिर रहा है। पता नहीं मेरा बेटा कहां और किस हाल में होगा। मेरा हंसता-खेलता पूरा परिवार ही उजड़ गया।
।
मैंने काफी मुश्किलों से तीन बेटियों की शादी कर दी थी। सोचा था कि सबसे छोटी बेटी की शादी धूमधाम से करूंगा, कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। उसका रिश्ता किसी बड़े और अच्छे घर में करूंगा, लेकिन मेरा सपना, सपना ही रह गया। मुझे तो ये नहीं समझ नहीं आ रहा है कि इस घटना के लिए अपने बेटे को दोषी माने या फिर बेटी को। हमने उसकी दो बार शादी तय की लेकिन एक लड़के चक्कर में वो रिश्ता तोड़ती रही’
ये बातें छोटी केसरी(27) के पिता सुधीर केसरी ने पूर्णिया पुलिस की पूछताछ में बताई हैं। पूर्णिया में सोमवार देर छोटी केसरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लड़की को 3 गोली मारी गई। गोली लगने के बाद परिवार लड़की को लेकर GMCH पहुंचा, यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार भाई ने ही अपनी बहन को गोली मारी।
एक भाई ने बहन की हत्या क्यों की? बहन का दोस्त के साथ कब से अफेयर था? भाई और पिता ने उसे कितनी बार समझाया? घर में विवाद कैसे बढ़ा और मर्डर तक मामल पहुंच गया? पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
अब जानिए पिता ने पुलिस से क्या कहा…
घटना के बाद मधुबनी थाने में पुलिस के पास बैठे सुधीर चौधरी ने कहा कि ‘बेटी की मौत हो चुकी है, बेटा भाग रहा है। मुझे अब इस मामले में किसी से कोई शिकायत ही नहीं करनी। भला मैं कैसे अपने ही बेटे को सलाखों के पीछे देख सकता हूं, मुझे पुलिस थाना में कोई कम्प्लेन ही नहीं करनी।’
ये कहने के बाद सुधीर केसरी GMCH पूर्णिया पहुंचे, जहां उन्होंने कागजी कार्रवाई पूरी की और बेटी की लाश लेकर घर लौट आए। इसके बाद मंगलवार की शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
लड़की की हत्या के बाद दैनिक भास्कर की टीम ने जब सुधीर केसरी से बातचीत करने की कोशिश की, तो उन्होंने बातचीत से इनकार कर दिया और कहा- जो कुछ बताना था, पुलिस को बता चुके हैं। आप लोग प्लीज हमारे घर से चले जाइए। हालांकि, थाने में जो कुछ उन्होंने कहा, उन बातों को एक पुलिसकर्मी ने नाम न छापने की शर्त पर दैनिक भास्कर रिपोर्टर को बताया।

अपने परिवार के साथ सेल्फी लेते छोटी केसरी। तस्वीर में सबसे आगे।
मां ने बताया- बेटी हमारी बात नहीं मान रही थी
छोटी केसरी की मां ने पुलिस की पूछताछ में बताया, ‘काफी रोकटोक और प्रतिबंध के बाद भी मेरी बेटी बेटे के दोस्त से छिपकर मिलती-जुलती थी। वो अक्सर छत पर जाकर या अपने ही कमरे में फोन से बात करती थी। सोमवार की रात भी बेटी उससे फोन पर बात कर रही थी।
तभी मेरा बेटा विक्रम घर आ गया और बहन के कमरे में पहुंच गया। उसने पूछा तो छोटी ने तेज आवाज में जवाब देते हुए कहा- अपने दोस्त से बात कर रही हूं। इसके बाद विक्रम और छोटी के बीच नोकझोंक हुई। फिर मैं भी बेटी के कमरे में पहुंची और उसका फोन छिन लिया।
मैंने दोनों बच्चों को अलग किया और फोन लेकर किचन में चली गई। कुछ देर बाद मैंने बेटी के दोस्त को फोन किया और उसे समझाने का प्रयास कर रही थी। तभी गोली चलने की आवाज आई, जैसे ही मैं बेटी के कमरे की ओर बढ़ी दो और गोली चली।
बेटी के कमरे में पहुंची तो देखा कि छोटी फर्श पर खून से लथपथ पड़ी है, बेटे के हाथ में पिस्टल है। मेरी चीखने की आवाज सुनकर बेटा पिस्टल लिए घर से भाग निकला।’

बहन को गोली मारने के बाद से भाई फरार है। आरोपी विक्रम की फाइल फोटो।
प्रेम प्रसंग को लेकर विक्रम के दोस्त ने किया खुलासा
नाम न छापने की रिक्वेस्ट पर मधुबनी इलाके के रहने वाले विक्रम के एक दोस्त ने बताया कि ‘हमारे एक कॉमन फ्रेंड आदित्य (काल्पनिक नाम) का विक्रम के घर करीब 5 साल से आना जाना था। विक्रम के घर आने-जाने के दौरान छोटी और आदित्य की जान पहचान हो गई।
चूंकि, आदित्य का विक्रम के घर आना जाना था, तो छोटी उससे बातचीत करने लगी। करीब ढाई से तीन साल पहले आदित्य और छोटी ने एक दूसरे का नंबर लिया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। विक्रम को ये सब पता चल चुका था। वह कई बार अपनी बहन को समझने की कोशिश की, ताकि उससे बात बंद हो जाए। इस रिलेशन की वजह से विक्रम की आदित्य से बोल चाल बंद हो गई थी।’
विक्रम ने कहा था- दोस्त दगाबाज निकला
विक्रम के दोस्त के मुताबिक, ‘करीब एक साल पहले विक्रम के घर खूब बवाल हुआ था। इसके बाद विक्रम और आदित्य के बीच भी झगड़ा हो गया । शुरुआत में हम लोगों को भी समझ नहीं आया कि मामला क्या है, लेकिन कुछ दिनों के बाद विक्रम ने खुद बताया कि आदित्य गलत कर रहा है। वह मेरी बहन पर ही गलत नीयत रख रहा है। आदित्य को मेरी बहन को बहन समझाना चाहिए था, लेकिन वो दगाबाज निकला।
उसने बताया कि जिस दिन अफेयर का राज खुला था, उस दिन छोटी कॉलेज जाने की बात कहकर आदित्य से मिलने के लिए निकली थी। जब दोनों एक साथ घूम रहे थे, तभी हम लोगों के एक और दोस्त ने छोटी और आदित्य को एक साथ देख लिया था। फिर उसने विक्रम को भी कॉल कर इसकी जानकारी दी थी। फिर आदित्य और विक्रम के बीच गाली-गलौच और झगड़ा भी हुआ था।
जब आदित्य से मिलकर छोटी घर लौटी थी, तब विक्रम ने छोटी को खूब डांटा भी था।’

पिछले महीने ही छोटी की शादी के लिए अच्छे घर से रिश्ता आया था
पुलिस के अनुसार, ‘लड़की के अफेयर को लेकर केसरी फैमिली में अक्सर झगड़े होते थे। विक्रम और उसके माता-पिता, बड़ी दोनों बहन छोटी की शादी किसी बड़े घर में सेटल्ड लड़के से कराना चाहते थे।
पिछले 3 साल से छोटी केसरी के लिए दो अच्छे रिश्ते भी आए थे। लेकिन हर बार छोटी ही लड़के वालों के सामने अपनी ब्वॉयफ्रेंड से शादी की जिद पर अड़ जाती थी और रिश्ता ठुकरा देती थी। पिछले महीने भी छोटी की शादी के लिए किसी अच्छे लड़के का रिश्ता आया था, लेकिन छोटी ने इनकार कर दिया।’

‘पहले पैर में गोली मारी, ताकि भाग न पाए’
पुलिस की थ्योरी और पोस्टमॉर्टम के दौरान मौजूद डॉक्टर के मुताबिक, लड़की को 10 मीटर दूर से गोली मारी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विक्रम ने पहली गोली अपनी बहन छोटी केसरी के पैर में मारी, ताकि वो भाग न पाए। हुआ भी ऐसा ही। पहली गोली छोटी केसरी के बाएं पैर में मारी गई, जिससे उसके बाएं पैर की तीन उंगलियों के चीथड़े उड़ गए।
इसके बाद विक्रम ने दूसरी गोली सामने से सीने में मारी जो पीठ को पार कर गई। तीसरी गोली विक्रम ने छोटी केसरी के बाएं हाथ में मारी, जो उसके हाथ में ही अटक गई।
डॉक्टर के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतका की बॉडी से एक गोली निकाली गई है, जबकि एक अन्य बुलेट घटनास्थल पर कमरे में मिली है, जो पीठ से आरपार हो गई थी। तीसरी गोली मृतका की बॉडी में ही फंसी थी।
पिता ने कबूला, बेटे ने की बेटी की हत्या
मधुबनी थाना के SHO सूरज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल और फिर GMCH पूर्णिया पहुंची थी। डॉक्टरों ने अस्पताल में इलाज के दौरान लड़की को मृत घोषित कर दिया। पिता ने कबूल किया कि उनके बड़े बेटे विक्रम ने गोली मारकर बेटी की हत्या की है। आरोपी विक्रम केसरी वारदात के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आसपास के लोगों और परिवार से पूछताछ की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा होगा।
————————————
ये भी पढ़ें
पूर्णिया में बहन की हत्या, भाई ने 3 गोलियां मारीं:दोस्त बोला- लड़के उसे साला कहते थे, बहन को कई बार समझाया, वो नहीं मानी

पूर्णिया में सोमवार देर रात एक लड़की की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लड़की को 3 गोली मारी गई। पहली कंधे में लगी। दूसरी सीने को चीरती हुई निकली। तीसरी पैर की उंगलियों में लगी। लड़की की पहचान 27 साल की छोटी कुमारी केसरी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद परिवार लड़की को लेकर GMCH पूर्णिया पहुंचा, यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें