भोजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में लंबे समय से सक्रिय शटर काटकर और दीवार तोड़कर ज्वेलरी दुकानों में चोरी करने वाले कुख्यात पंखिया गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में गैंग के एक सरगना को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वाले एक ज्वेलरी दुकानदार को भी दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के बलिरामपुर गांव का रहने वाला सोनपाल है। जो पंखिया गैंग का सक्रिय सरगना है। इसके अलावा बेगूसराय जिले फुलवरिया निवासी अशोक शाह को चोरी के गहनों की खरीद के आरोप में पकड़ा गया है। शहर में खानाबदोश की तरह रहते थे करीब 63 लाख 15 हजार रुपए के 23.39 किलोग्राम चांदी का बिस्किट, ग्लास, कटोरी, बच्चों का कड़ा, सिकड़ी, बिछिया, अंगूठी, बाजू बंद, सिंदूर का टिकिया, कजरौटा, भगवान का लॉकेट, पायल, चांद समेत पचास से ज्यादा चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गैंग बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गैंग के सदस्य दूसरे राज्यों से आकर शहर में खानाबदोश की तरह रहते थे। चटाई, चप्पल और बैलून बेचने का काम करते थे। इसी दौरान वे घरों और दुकानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही दीवार तोड़कर या शटर काटकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद एसडीपीओ राज कुमार ने बताया कि 17-18 फरवरी 2026 की देर रात में गजराजगंज बाजार स्थित पारसनाथ ज्वेलरी दुकान में शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। करीब पांच किलोग्राम चांदी के आभूषण, लगभग 100 ग्राम सोने के गहने और 50 ग्राम ग्राहकों के जेवर चोरी कर लिए गए थे। मामले में गजराजगंज थाना कांड संख्या 85/26 दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में चार नकाबपोश अपराधी वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दिए। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और जिले में पूर्व में हुई इसी तरह की घटनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान इस गिरोह का तार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से जुड़ा पाया गया। जहां यह पंखिया गिरोह के रूप में सक्रिय है। इसके बाद गजराजगंज थानाध्यक्ष चंचल कुमार महथा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर शाहजहांपुर भेजा गया। जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से 4-5 दिनों तक लगातार निगरानी और रेकी के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गजराजगंज की घटना सहित बिहार के कई जिलों में हुई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर सोनपाल को गिरफ्तार किया गया। आगे की पूछताछ में बेगूसराय के पंचवटी ज्वेलरी शॉप और उसके मालिक के घर से चोरी की गई चांदी के आभूषण, पिघली हुई चांदी की ईंट बरामद की गई। कुल 23.39 किलोग्राम चांदी बरामद की गई है। ज्वेलरी शॉप से 11.200 किलो ग्राम चांदी का आभूषण और गिरफ्तार दुकानदार के घर के कमरे के अंदर पलंग में छिपाकर रखे चांदी के 12.119 किलो ग्राम ईंट, बिस्किट और आभूषण बरामद किए गए है। इस मामले में मालिक अशोक साह को भी गिरफ्तार किया गया है।
बक्सर, रोहतास, नालंदा, पटना में वारदात एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह भोजपुर के अलावा बक्सर, रोहतास, नालंदा, पटना और औरंगाबाद समेत कई जिलों में शटर काटकर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। ठंड के सीजन में गैंग के सदस्य बिहार आकर टेंट गिराकर रहते हैं। जिस क्षेत्र में रहते हैं, वहां घटना को अंजाम नहीं देते थे। भोजपुर में जो चार-पांच घटनाएं हुई थी, सभी जगहों पर एक ही थीम पर वारदात को अंजाम दिया गया था। जिसका खुलासा नहीं हुआ था। जांच के लिए कई टीम लगी हुई थी। उसके बाद भी सफलता नहीं मिल रही थी। पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। गजराजंगज इलाके में चोरी की घटना को काफी शातिर तरीके से दिया गया था। यह गैंग उन दुकानों को चुनता था, जिसके दोनों तरफ खुला हुआ होता था। गैंग के सदस्य दुकान में पहले सामान बेचने के बहाने आते थे, फिर उसकी रेकी करते थे। रात के अंधेरे में खेत की ओर से आकर दो फीट दीवार तोड़कर घटना को अंजाम देते थे। दीवार तोड़ने का भनक किसी को भी नहीं लगता था। इसी तरह गजराजगंज क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के छह सदस्यों की पहचान की जा चुकी है। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। टीम में साइबर एक्सपर्ट रीतेश कुमार, अनुसंधानकर्ता सोनी कुमारी, दरोगा रूपेश कुमार, धनंजय कुमार समेत गजराजगंज ओपी के सशस्त्र बल के साथ जिला अधिसूचना इकाई भोजपुर की टीम शामिल थी।
Source link