Bihar: सासाराम में बड़ा हंगामा! विद्यालय से गोमांस मिलने के बाद फैला तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

Spread the love share


रोहतास जिले से बुधवार सुबह एक सरकारी विद्यालय से बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। दरअसल, राजपुर प्रखंड के रामूडीह स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय में गोमांस मिलने के बाद आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

विद्यालय के कमरे से भारी मात्रा में गोमांस बरामद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब विद्यालय खोला गया तो एक कमरे से काले रंग की चार प्लास्टिक की थैलियों में काफी मात्रा में गोमांस मिला। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय परिसर में जमा हो गए। ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद अनवर सहित कुल पांच शिक्षकों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों का हंगामा, कार्रवाई की मांग

इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में कुल पांच शिक्षक मुस्लिम समुदाय से हैं, जो धोखे से विद्यालय के बच्चों को गोमांस खिलाने की फिराक में थे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि विद्यालय के आसपास का इलाका हिंदू बहुल है और विद्यालय में पढ़ने वाले ज्यादातर बच्चे भी हिंदू समुदाय से आते हैं, लेकिन वर्षों पहले एक साजिश के तहत विद्यालय का नामकरण उर्दू मध्य विद्यालय कर दिया गया।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम, स्थिति नियंत्रित

घटना की सूचना मिलते ही विक्रमगंज एसडीएम प्रभात कुमार अपने दल-बल के साथ विद्यालय पहुंचे और घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। फिलहाल एसडीएम ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विद्यालय में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।



ये भी पढ़ें: कैमूर में ट्रक-बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, लोगों ने सड़क किया जाम

संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ: एसपी

रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण वरीय पदाधिकारी और एफएसएल टीम द्वारा किया गया है और प्रदर्श को जब्त कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही शिक्षा विभाग के स्तर से भी जांच कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।





Source link


Spread the love share

Leave a Reply