बिहार में ट्रेड यूनियन के द्वारा बिहार बंद का आह्वान किया गया था, जिसमें महागठबंधन के सारे घटकों ने समर्थन किया था। वैशाली जिलों में तमाम चौक चौराहे पर बंद को लेकर आगजनी की गई। इस बंद को सफल बनाने में तमाम कार्यकर्ता लगे रहे लेकिन इसी बीच बंद को सफल बनाने की तीन तस्वीर सामने आई, जिसके बाद लोगों को यह कहना पड़ा कि यह आंदोलन नहीं गुंडागर्दी है।
ट्रेंडिंग वीडियो
लोगों ने कहा- कार्यकर्ताओं ने जमकर की है गुंडागर्दी
वैशाली जिला की पहली घटना महनार की है, जिसमें राजद कार्यकर्ता जबरदस्ती दुकान को बंद करा रहे थे। दुकानदार के नहीं मानने पर दुकानदार को दूकान के अंदर ही बंद कर दिया। अब इसका सीसीटीवी फुटेज वायरल है। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि बिहार बंद के दौरान राजद का झंडे लिए दर्जनों लोग दुकान पर पहुंचे और दुकान बंद करने का दबाव बनाने लगे। दुकानदार रोहित ठाकुर ने बताया कि राजद समर्थकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जबरदस्ती शटर गिराकर उन्हें दुकान के अंदर ही बंद कर दिया। घंटों बाद स्थानीय लोगों की मदद से दुकानदार को बाहर निकाला गया। रोहित ठाकुर ने इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की है और इसे गुंडागर्दी करार दिया।