Bihar Chunav 2025 Live: चुनाव के नजदीक आते ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर हमलावर दिख रहे हैं. बीजेपी नेता नीरज कुमार ने दशहरा पर तेजस्वी यादव को ‘रावण’ बताते हुए राजनीतिक हमला किया. उन्होंने दावा किया कि राजद के रावण का पतन निश्चित है. दूसरी ओर, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य ने मतदाता सूची से 47 लाख नाम घटने पर सवाल उठाए हैं और आयोग से अशुद्धियां दूर होने की स्पष्ट जानकारी मांगी है.
बिहार चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर विपक्ष ने एक बार फिर हमला बोल दिया है. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि अंतिम आंकड़ों से 47 लाख मतदाताओं की कमी सामने आई है. क्योंकि मतदाताओं की कुल संख्या 7.89 करोड़ से घटकर 7.42 करोड़ हो गई है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मसौदा सूची की पुरानी अशुद्धियां दूर हुईं या नहीं. भट्टाचार्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर अब ‘घुसपैठियों’ के नाम नहीं हैं, तो झूठे प्रचार पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि भाजपा ने बिहार के लोगों को बांटने के लिए यह विमर्श गढ़ा था. उन्होंने निर्वाचन आयोग से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि फॉर्म 6 के माध्यम से जोड़े गए 22 लाख नामों में कितने नए और कितने पुराने मतदाता शामिल हैं, क्योंकि ये आंकड़े कई संदेह पैदा करते हैं. News18 पर लाइव अपडेट जारी है.
October 2, 2025 22:47 IST
लालू यादव और उनके परिवार पर गिरिराज सिंह ने बोला हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा “पता नहीं लालू यादव को रावण की परिभाषा मालूम है या नहीं. अगर मालूम होता तो शायद तेजस्वी यादव ऐसे सवाल नहीं पूछते. रावण कौन था? आज गरीबों का आंसू पोंछने का काम यह सरकार कर रही है. ढाई करोड़ से अधिक महिलाओं को सम्मान दिया है. गरीबों को घर देने का काम भी यह सरकार कर रही है.
October 2, 2025 21:37 IST
कुरान धर्म मेरे पास भी है..हमें क्या गिरफ्तार कर सकते हैं…आई लव मोहम्मद मामले में तेज प्रताप यादव का बयान
लालू यादव के बड़े बेटे और अपने खुद के संगठन के जरिए बिहार चुनाव में ताल ठोंक रहे मंत्री तेज प्रताप यादव ने बिहार के तमाम लोगों को विजयदशमी, गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बयान दिया है. उन्होंने खुद को जनता के लिए समर्पित कर दिया है. इस दौरान उन्होंने आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस का देश की आजादी में कोई योगदान नहीं रहा. महात्मा गांधी के साथ क्या हुआ था यह सब लोग जानते हैं. हम लोग गांधीवादी हैं. हम लोग गांधी-वादी लाल बहादुर शास्त्री गांधी को मानने वाले लोग हैं. कितने सीटों पर चुनाव लड़ेंगे इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि दशहरा के बाद बता देंगे. राहुल गांधी के विदेशी दौरे पर तेज प्रताप यादव ने कहा उनको लग रहा होगा कि घूमने से अच्छा होगा भला होगा सबका इसलिए वह घूम रहे हैं. आई लव मोहम्मद मामले पर उन्होंने कहा की सभी धर्म का सम्मान करना चाहिए. कुरान धर्म मेरे पास भी है हमें क्या गिरफ्तार कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि हम मोहम्मद को मानते हैं…राम को मानते हैं…सभी धर्म को हम मानते हैं. सब लोगों को लेकर हम लोग चलने का काम करते हैं. तेज प्रताप ने कहा कि मोहम्मद साहब पैगंबर रहे…प्रोफेट मोहम्मद रहे उनके लिए रिस्पेक्ट है..अपमान नहीं करना चाहिए किसी का. यह देश दुनिया कहां जा रहा है किधर ले जा रहा है किसकी सरकार ले जा रही है.
October 2, 2025 19:39 IST
बिहार चुनाव के लिए नियुक्त चुनावी पर्यवेक्षकों के साथ चुनाव आयोग कल करेगा बैठक
चुनाव आयोग बिहार चुनाव के लिए नियुक्त चुनावी पर्यवेक्षकों के साथ कल बैठक करेगा. दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त और दोनों चुनाव आयुक्त बैठक करेंगे.
October 2, 2025 19:33 IST
बिहार में जीत के लिए सत्ता विरोधी लहर को कम करेगी बीजेपी?
बिहार चुनाव में जीत के लिए बीजेपी सत्ता विरोधी लहर को कमजोर करना चाहती है. इस बीच चुनाव से पहले नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने कई विभिन्न वर्गों के लिए तमाम योजनाएं घोषित की है. माना जा रहा है कि इसके जरिए बीजेपी सत्ता विरोधी लहर को कम करने का प्रयास कर रही है. विरोध के स्वर को कम करने के लिए बीजेपी की एक प्लानिंग यह भी है कि वह इस बार नए चेहरों को मौका देगी. हालांकि, कहा यह भी जा रहा है कि यह सिर्फ कहने में आसान है लेकिन, करना थोड़ा मुश्किल है.
October 2, 2025 17:12 IST
सीएम नीतीश कुमार और राज्यपाल सहित ये नेता पहुंचे पटना के गांधी मैदान, रावण वध में ले रहे हैं भाग
सीएम नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान पहुंचे हैं. साथ ही डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खा गांधी मैदान पहुंचे हैं. सभी लोग रावण वध कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं. डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा भी गांधी मैदान में मौजूद हैं.
October 2, 2025 16:20 IST
चुनाव आयोग 4 अक्टूबर को आरजेडी, बीजेपी, जेडीयू और कांग्रेस सहित प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के साथ करेगा बैठक
बिहार विधान सभा चुनाव से पहले 4 अक्टूबर को आरजेडी, बीजेपी, जेडीयू,कांग्रेस समेत कई प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के साथ चुनाव आयोग करेगी बैठक. 4 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त बिहार दौरे पर हैं और ख़ुद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे. बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक है. बैठक पटना के होटल ताज में आयोजित की गई है.
October 2, 2025 16:02 IST
तेजस्वी यादव ने गांधी जयंती पर पोस्ट कर कही यह बात
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गांधी जयंती पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा कि याद करते है 𝟐 अक्टूबर 𝟐𝟎𝟐𝟑 का वो ऐतिहासिक दिन जब प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी के उपमुख्यमंत्री के तौर पर हमने दशकों पुराने अपने जातिगत जनगणना के संकल्प को बिहार में जातीय सर्वेक्षण करवा कर पूरा किया था और रिपोर्ट सार्वजनिक की थी.
𝟐 अक्टूबर 𝟐𝟎𝟐𝟑 के उसी विशेष दिन रिपोर्ट प्रकाशित कर हमने एलान कर दिया था कि अब समूचा देश जातीय जनगणना चाहता है, इसमें अब हम देर नहीं होने देंगे.
हमारे संघर्ष ने इस अड़ियल सरकार को झुका दिया, भाजपा और आरएसएस वाले लोग, जो दिन-रात जातीय जनगणना की खामियां बताते थे, उसके विरोध में बयान देते थे. उनसे ही हमने राजनीतिक और सामाजिक दबाव डाल पूरे देश में जातीय जनगणना करवाने की घोषणा करवा दी. हालांकि उनकी मंशा और क्रियान्वयन पर संदेह है.
दलित पिछड़ा विरोधी आरक्षण चोर बीजेपी ने हमारी उस रिपोर्ट के अनुसार बढ़ाए गए 𝟔𝟓 फ़ीसदी आरक्षण को संविधान की 𝟗वीं अनुसूची में शामिल नहीं करके दलितों-पिछड़ों-अतिपिछड़ो और आदिवासियों के अधिकार पर डाका डाला है. डबल इंजन सरकार ने इन वर्गों के सीने में खंजर घोंपा है. एनडीए सरकार के आरक्षण विरोधी इस कदम से इन वर्गों को लाखों नौकरियों का नुकसान झेलना पड़ रहा है.
पिछड़ों, वंचितों, दलितों, शोषितों और गरीबों के लिए तेजस्वी की लड़ाई जारी रहेगी और तब तक जारी रहेगी जब तक आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं हो जाती. आरक्षण का दायरा 𝟓𝟎 फीसदी की सीमा को पार नहीं कर लेता. पिछड़े, दलित, शोषित, वंचित तथा गरीब वर्ग सक्षम, शिक्षित, आर्थिक और सामाजिक रूप से न्याय नहीं पा लेते. आर्थिक न्याय के लिए तेजस्वी को आप सबके साथ की जरूरत है.
याद करते है 𝟐 अक्टूबर 𝟐𝟎𝟐𝟑 का वो ऐतिहासिक दिन जब प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी के उपमुख्यमंत्री के तौर पर हमने दशकों पुराने अपने जातिगत जनगणना के संकल्प को बिहार में जातीय सर्वेक्षण करवा कर पूरा किया था और रिपोर्ट सार्वजनिक की थी।
𝟐 अक्टूबर 𝟐𝟎𝟐𝟑 के उसी विशेष दिन रिपोर्ट… pic.twitter.com/WiRcJ8U0Lg
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 2, 2025
October 2, 2025 14:54 IST
Bihar Chunav: जनार्दन यादव ने थामा जन-सुराज का दामन
बिहार विधानसभा चुनाव: नरपतगंज से चार बार विधायक रहे बीजेपी के वरिष्ठ नेता जनार्दन यादव अब जन-सुराज से जुड़ गए हैं. उन्हें प्रशांत किशोर और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने सदस्यता दिलाई. जनार्दन यादव 1977, 1980, 2000 और 2005 में नरपतगंज विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं. लंबे समय से बीजेपी से जुड़े रहने के बाद अब उनका नया राजनीतिक ठिकाना जन-सुराज बन गया है.
October 2, 2025 13:54 IST
Bihar Chunav: ओवैसी बोले- बिहार में एसआईआर भाजपा को मतदाताओं का ‘उत्पीड़न’ करने का मौका देगा
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम)के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को आरोप लगाया कि बिहार में चुनाव आयोग द्वारा कराये गये मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से भाजपा को मतदाताओं का ‘उत्पीड़न’ करने का मौका मिल जाएगा. वह सोशल मीडिया के उन पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिनमें दावा किया गया था कि बिहार के एक निर्वाचन क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं को सूची से हटाने का प्रयास किया गया. ओवैसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ बिहार में एसआईआर की सच्चाई. राजनीतिक दलों, खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को धर्म के आधार पर मतदाताओं को परेशान करने और उन्हें हटाने का मौका मिलेगा. आज के भारत में, गरीब मुसलमानों और दलितों के पास केवल एक ही साधन है- वोट देने का उनका अधिकार. भाजपा उन्हें उत्पीड़न के खिलाफ असहाय बनाना चाहती है.’’
October 2, 2025 13:49 IST
Bihar Chunav CM रेस: दो सर्वे में नीतीश बनाम तेजस्वी, प्रशांत किशोर भी बने चुनौती
बिहार विधानसभा चुनाव (2025) से पहले आए दो बड़े सर्वे (SPICK MEDIA NETWORK और JVC) के आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में मुख्य मुकाबला एनडीए के नीतीश कुमार और इंडिया गठबंधन के तेजस्वी यादव के बीच ही है, हालांकि दोनों सर्वे के नतीजे अलग-अलग हैं. SPICK MEDIA सर्वे में तेजस्वी यादव (30.5%) को नीतीश कुमार (27.4%) से आगे बताया गया है, जबकि JVC सर्वे में नीतीश कुमार (27%) ने तेजस्वी यादव (25%) पर मामूली बढ़त हासिल की है. दोनों सर्वे में एक चौंकाने वाला आंकड़ा जन सुराज के प्रशांत किशोर का है, जिन्हें SPICK में 13% और JVC में 15% लोगों ने सीएम पद के लिए पसंद किया है, जो उन्हें तीसरी बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करता है. इसके अलावा, चिराग पासवान को भी 11-12% लोगों ने पसंद किया है। इन आंकड़ों के बावजूद, एनडीए सरकार बनाने की प्रबल इच्छा (SPICK में 30.6%) के साथ रेस में है, जबकि नीतीश कुमार ने चुनाव से पहले 125 यूनिट बिजली फ्री करने जैसी कई बड़ी योजनाओं की घोषणा करके चुनावी माहौल को गरमा दिया है.
October 2, 2025 13:20 IST
Bihar Chunav: घोषणा से पहले जान लें आचार संहिता से जुड़े ये जरूरी बात
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (आचार संहिता) का महत्व बढ़ जाता है. जिसे चुनाव आयोग (ECI) सभी राजनीतिक दलों के बीच समानता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए लागू करता है. आचार संहिता का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी दल या उम्मीदवार चुनावी लाभ के लिए सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग न करे और न ही नई योजनाओं की घोषणा करे. यह संहिता चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही लागू हो जाती है और मतदान प्रक्रिया पूरी होने और परिणाम घोषित होने तक लागू रहती है. इसके नियमों में धर्म या जाति के नाम पर वोट मांगने पर रोक, सरकारी धन, गाड़ियों या बंगलों का प्रचार में इस्तेमाल न करना और रैलियों के लिए पुलिस की अनुमति लेना अनिवार्य होता है. हालांकि, आचार संहिता लागू होने के बाद वोटिंग कितने दिनों में होगी, इसकी कोई निश्चित अवधि नहीं है, लेकिन यह आमतौर पर घोषणा के 3 से 6 हफ्तों के भीतर शुरू हो जाती है.
October 2, 2025 12:41 IST
Bihar Chunav: वोट की चोट से होगा बुराइयों का अंत- रामकृपाल यादव
पूर्व सांसद रामकृपाल यादव ने विजयादशमी के बहाने विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने पटना में कहा कि जिस तरह दशहरा बुराइयों पर अच्छाई की जीत है. इसी प्रकार इस चुनाव में वोट की चोट से बुराइयों का अंत किया जाएगा. साथ ही दावा किया कि भारी मतों से एनडीए की सरकार बनने जा रही है.
कई मुद्दों को लेकर पूर्व सांसद रामकृपाल से न्यूज 18 ने की खास बातचीत.. pic.twitter.com/eGKOqoPwPj
— News18 Bihar (@News18Bihar) October 2, 2025
October 2, 2025 12:17 IST
Bihar Chunav: NDA में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय!
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले एनडीए में सीट बंटवारे का फॉर्मूला लगभग तय हो गया है, जिसके तहत जेडीयू को 102 और बीजेपी को 101 सीटें मिलने की संभावना है. यह मामूली बढ़त नीतीश कुमार को एनडीए का चेहरा और वरिष्ठ नेता बनाए रखने के लिए दी गई है। छोटे सहयोगी दलों में चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) को 22, जीतन राम मांझी की हम को 8, और उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो को 4 सीटें मिल सकती हैं, जबकि शेष 6 सीटों पर चर्चा जारी है. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बीजेपी ने यह रणनीति गठबंधन को मजबूत दिखाने और ग्रामीण व शहरी वोटरों को साधने के लिए अपनाई है, तथा अब 5 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पहले चरण के उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर लग सकती है.
October 2, 2025 11:45 IST
Bihar Chunav: प्रशांत किशोर की पार्टी बनेगी वोटकटवा या करेगी बड़ा उलटफेर?
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जारी JVC Poll Survey के नतीजे सामने आए हैं. जिसमें एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया गया है. हालांकि सर्वे का दावा है कि सरकार एनडीए की ही बनेगी. सीटों के बंटवारे में बीजेपी को 71, जेडीयू को 53 (पिछली बार से 10 ज्यादा) और आरजेडी को 74 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. वोट शेयर की बात करें तो एनडीए को 41 से 45% और महागठबंधन को 37 से 40% वोट मिल सकते हैं. सर्वे में यह भी सामने आया कि प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी निर्णायक भूमिका में नहीं होगी. क्योंकि 56.3% लोगों का मानना है कि यह केवल वोट काटने का काम करेगी. हालांकि 8.4% लोगों ने उन्हें संभावित सीएम चेहरा माना. वहीं, लालू परिवार के आंतरिक झगड़े पर 46% लोगों ने चुनाव पर कोई असर न पड़ने की राय दी, जबकि 71% यादवों ने पार्टी को नुकसान न होने का भरोसा जताया.
October 2, 2025 10:44 IST
Bihar Chunav: क्या आप जानते हैं BJP ने 2020 में कितनी सीटें जीती थीं?
2020 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया था. पार्टी ने पूरे बिहार में कुल 74 सीटें जीती थीं. वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को 19.46% वोट मिले थे. इस जीत ने भाजपा को एनडीए का सबसे मजबूत स्तंभ बना दिया था. अगर जोनवार नतीजों पर नज़र डालें तो भाजपा ने उत्तर बिहार में सबसे ज़्यादा 29 सीटें, मध्य बिहार में 15 सीटें, मगध में 10 सीटें, सीमांचल में 9 सीटें और दक्षिण बिहार में 11 सीटें जीती थीं. इस तरह पार्टी ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी पकड़ दिखाई थी.
October 2, 2025 09:43 IST
Bihar Chunav: BJP ने विजयादशमी के बहाने तेजस्वी पर बोला हमला
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विजयादशमी पर्व के बहाने राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है. बीजेपी नेता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए तेजस्वी यादव को ‘रावण’ के रूप में चित्रित किया. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “दशहरा का पर्व हमें सिखाता है कि अधर्म का अंत हमेशा धर्म की विजय से होता है. यह चित्र ठीक वैसा ही संदेश दे रहा है कि रावण जैसी अहंकारी शक्तियों का पतन निश्चित है.” नीरज कुमार ने दावा किया कि राजद के ‘रावण’ को भाजपा के ‘राम’ का बाण लग चुका है और अब ‘लंका में दीप जलाने’ का समय है. उन्होंने बिहार वासियों से आसुरी शक्तियों से राज्य को मुक्त कर विकसित बनाने के लिए इस ‘आहुति’ में शामिल होने का आह्वान किया और अंत में ‘जय श्री राम! जय भाजपा!’ का नारा दिया.