Bihar News: यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, एक की मौत, आधा दर्जन लोग घायल

Spread the love share


रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत इटिम्हा गांव के समीप सोमवार की अहले सुबह बस और ट्रक की भीषण टक्कर में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए फिलहाल सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के जगदीशपुर निवासी रामेश्वर मिश्रा के रूप में हुई है। उनकी उम्र लगभग 70 वर्ष बताई जा रही है।

आमने-सामने की टक्कर में हुआ हादसा

दरअसल, हादसा उस समय हुआ जब तिलक समारोह से लौट रही एक बस सामने से आ रही एक खाली ट्रक से टकरा गई। बताया जाता है कि बस में सवार लोग औरंगाबाद जिले के मौरई से भोजपुर के जगदीशपुर लौट रहे थे। इसी दौरान नासरीगंज के समीप तेज रफ्तार बस और ट्रक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार बुजुर्ग रामेश्वर मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

कई लोग घायल, ट्रक चालक और खलासी भी जख्मी

इस दुर्घटना में बस में सवार तीन अन्य लोगों के साथ-साथ ट्रक चालक चंद्र प्रकाश यादव और खलासी भोला कुमार भी घायल हो गए। घायल ट्रक चालक चंद्र प्रकाश यादव उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के बसवारी गांव का निवासी है, जबकि खलासी भोला कुमार गोरखपुर का रहने वाला बताया जाता है।

घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी, चालक की पिटाई

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना से गुस्साए बस सवार कुछ लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई भी कर दी। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया।



ये भी पढ़ें: गोपालगंज में अनियंत्रित स्कॉर्पियो का कहर, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा दोनों वाहनों को जब्त कर हादसे की जांच की जा रही है।





Source link


Spread the love share

Leave a Reply