नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के चेरो गांव में बीती रात पुलिस टीम पर हमला हुआ है। इसमें सरमेरा थाना के पीएसआई अजीत कुमार ओझा को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि घटना में पांच से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। नालंदा एसपी भारत सोनी ने बताया कि मंगलवार रात को सरमेरा पुलिस एक वारंटी को गिरफ्तार करने के लिए चेरो गांव पहुंची थी। पुलिस टीम का नेतृत्व पीएसआई अजीत कुमार ओझा कर रहे थे। वारंटी, लालो यादव और वीरू यादव, पर कोर्ट ने एनबीडब्ल्यू (नॉन-बेलेबल वॉरंट) जारी किया था। जब पुलिस गिरफ्तारी के लिए उनके घर पहुंची, तो कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। इस विरोध के कारण पुलिस को स्थिति पर काबू पाने के लिए पीछे हटना पड़ा।
ट्रेंडिंग वीडियो
पुलिस को देखते ही उग्र हो गए लोग
बताया जा रहा है कि पुलिस जब लालो यादव के घर पर सीढ़ी लगाकर रेड कर रही थी, तभी गांव के लोग उग्र हो गए और पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस की संख्या कम होने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया और दो उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया।
दरोगा का मोबाइल भी छीन लिया
इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की सरकारी सीढ़ी और दरोगा का मोबाइल भी छीन लिया। गली में पड़ी ईंटें इस बात का सबूत हैं कि वहां जमकर ईंट-रोड़े चले थे। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और विधि-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।