पटना: जनवरी का आखिरी कारोबारी दिन सर्राफा बाजार के लिए बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा. सुबह से शाम तक सोने और चांदी के बाजार में हलचल देखने को मिली. दरअसल, 30 जनवरी को अमेरिकी बाजार बंद होने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी गिरावट दर्ज की गई, जैसी पहले कभी नहीं देखी गई थी. चांदी की कीमत में लगभग ₹1 लाख प्रति किलो तक की कमी आई, वहीं सोना भी करीब ₹23 हजार सस्ता हो गया.
सुबह बाजार खुलते ही सस्ते दामों पर सोने-चांदी की खरीदारी शुरू हो गई. हालांकि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, कीमतों में दोबारा सुधार हुआ और दाम कुछ हद तक संभल गए. फिलहाल जो अंतिम दरें तय हुई हैं, उसी पर बाजार में लेन-देन जारी है.
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि अपने करीब 50 साल के अनुभव में उन्होंने सोने में इतनी बड़ी एकमुश्त गिरावट पहले कभी नहीं देखी. हालांकि उनका मानना है कि अब कीमतों में बड़ी गिरावट की संभावना कम है, इसलिए ग्राहकों को मौके का फायदा उठाते हुए जरूरत के अनुसार खरीदारी कर लेनी चाहिए.
सुबह सुबह किस रेट पर हो रही थी बिक्री
30 जनवरी की रात मार्केट क्रैश होने के बाद शनिवार सुबह जब बाजार खुला तो 22 कैरेट सोने का दाम 1,53,500 रूपये प्रति 10 ग्राम था. इसी तरह 18 कैरेट सोने का दाम 1,25,500 रूपये प्रति 10 ग्राम और 14 कैरेट सोने का दाम 99000 रूपये प्रति 10 ग्राम था. इसके अलावा, हॉलमार्क वाले चांदी की बिक्री 2,99,000 रूपये प्रति किलो हो रही थी. इन सभी दामों 3 फीसदी का जीएसटी भी जुड़ता है. हालांकि, साढ़े तीन बजे के करीब पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने रेट को अपडेट किया. नए रेट के तहत क्रैश के बाद सोने चांदी की कीमतों में कुछ रिकवरी हुई है. आज रविवार होने की वजह से इसी रेट पर बिक्री हो रही है. लोगों को काफी हद तक राहत मिल रही है.
क्या है नया रेट
आज पटना के ज्वेलरी बाजार में 24 कैरेट सोने का दाम 1,60,500 रूपये प्रति 10 ग्राम है. अगर जीएसटी जोड़ दिया जाए तो इसकी कीमत 1,65,315 रूपये प्रति 10 ग्राम हो जाती है. बिना जीएसटी जोड़े 22 कैरेट सोना 1,47,800 रूपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,21,200 रूपये प्रति 10 ग्राम बिक रहा है.
चांदी में भी गिरावट
पटना के ज्वेलरी बाजार में एक किलो चांदी की बिक्री 3,10,000 रूपये हो रही है. जीएसटी जोड़ने पर इसकी कीमत 3,19,300 रूपये प्रति किलो हो जाती है. इस तरह, एक किलो हॉल मार्क वाले चांदी के आभूषणों की बिक्री 3,03,000 रूपये प्रति किलो हो रही है. अगर जीएसटी जोड़ दिया जाए तो इसकी कीमत 3,12,090 रूपये हो जाती है.
आभूषणों का एक्सचेंज रेट क्या है?
22 कैरेट वाले सोने के पुराने आभूषणों का एक्सचेंज रेट 1,43,500 रूपये है जबकि 18 कैरेट सोने के पुराने आभूषण 1,17,500 रूपये में एक्सचेंज हो रहे हैं. चांदी में हॉलमार्क आभूषणों का एक्सचेंज रेट 294 रूपये प्रति ग्राम जबकि बिना हॉलमार्क वाले आभूषणों का एक्सचेंज रेट 249 रूपये प्रति ग्राम है.