गुजरात में फिर लहराया भगवा, 9 निगमों पर कब्जा, प्रचंड जीत की ओर बीजेपी

Spread the love share



गुजरात निकाय चुनाव परिणाम: गुजरात निकाय चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है. राज्य की 15 नगर निगम सीटों पर हुए चुनाव में बीजेपी 9 पर जीत दर्ज कर चुकी है. बाकी छह पर वोटों की गिनती जारी है. निर्णायक जीत की ओर अग्रसर होते हुए बीजेपी अब तक 9,900 से अधिक सीटों में से 6,472 सीटें जीत ली हैं. राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे है और अब तक तालुका पंचायतों में 3,132 सीटें, जिला पंचायतों में 765 सीटें, नगरपालिकाओं में 1,827 सीटें और नगर निगमों में 748 सीटें जीत चुकी है. वहीं, कांग्रेस ने 1,412 सीटें हासिल की हैं, जबकि निर्दलीय, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम (AIMIM) सहित अन्य दलों ने 597 सीटें जीती हैं.

SEC की ओर से दिये गये आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों में से आधे से अधिक सीटें जीत ली हैं. बीजेपी 34 में से 30 जिला पंचायतों में जीत हासिल कर चुकी है और और उन सभी में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है. पार्टी ने अरवल्ली और पाटन में 50 प्रतिशत सीटें हासिल कर ली हैं, जबकि छोटा उदयपुर में बहुमत का आंकड़ा पार करना बाकी है.

मोरबी में बीजेपी की बड़ी जीत

एसईसी के अनुसार, मोरबी नगर निगम में भाजपा ने सभी 52 सीटें जीत ली हैं. रविवार को 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था.

नर्मदा में बीजेपी को झटका

नर्मदा जिला पंचायत में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. यहां से आम आदमी पार्टी ने 22 में से 15 सीटें जीतकर बीजेपी को केवल तीन सीटों तक सीमित कर दिया, जबकि चार सीटों के परिणाम आने बाकी हैं. वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अब तक तालुका पंचायतों में 839 सीटें, जिला पंचायतों में 110 सीटें, नगरपालिकाओं में 399 सीटें और नगर निगमों में 64 सीटें हासिल की हैं.

अगले साल गुजरात में होने वाला है विधानसभा चुनाव

इन चुनावों को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में प्रमुख चुनावी कवायदों में से एक माना जा रहा है. मौजूदा चुनाव में करीब 4.18 करोड़ वोटर्स थे. करीब 9,200 सीटों पर मतदान हुआ. एसईसी के अनुसार, मतदान प्रतिशत नगर निगमों में 55.1 फीसदी, नगरपालिकाओं में 65.53 फीसदी, जिला पंचायतों में 66.64 फीसदी और तालुका पंचायतों में 67.26 फीसदी दर्ज किया गया.

सबसे कम और सबसे ज्यादा मतदान

नगर निगमों चुनावों में कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 फीसदी मतदान हुआ, जबकि वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. अहमदाबाद नगर निगम में मतदान 51.81 फीसदी रहा.

नौ नये नगर निगमों में पहली बार हुआ मतदान

गुजरात निकाय चुनाव में पहली बार नौ नए नगर निगमों- नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नाडियाड, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगरमें भी मतदान कराया गया. गुजरात निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने प्रमुख रूप से चुनाव लड़ा. वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने भी कई कई सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये.

यह भी पढ़ें: अभेद्य किले में तब्दील कोलकाता, खिदिरपुर से पोर्ट तक चप्पे-चप्पे पर पहरा, अंतिम चरण के लिए सुरक्षा बल ‘सुपर अलर्ट’

पोस्ट गुजरात में फिर लहराया भगवा, 9 निगमों पर कब्जा, प्रचंड जीत की ओर बीजेपी पर पहली बार दिखाई दिया Prabhat Khabar.



Source link


Spread the love share

Leave a Reply