मौसम चेतावनी: दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 से 28 फरवरी और 2 से 3 मार्च के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाली जगहों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है. मौसम की यह गतिविधियां खास तौर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों को प्रभावित कर सकती हैं. मौसम विभाग ने बताया कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है.
कहां होगी बारिश?
25 और 26 फरवरी को अंडमान और निकोबार आइलैंड्स में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
इस दौरान बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
25 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
25 और 26 फरवरी को उत्तर अंदरूनी कर्नाटक में और 26 फरवरी को तेलंगाना में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
26 और 27 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, 27 और 28 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है.
26 फरवरी को पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है.
अधिकतम तापमान में इजाफे की संभावना
- मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 7 दिनों में उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
- इस हफ्ते उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रह सकता है.
- अगले 24 घंटों में महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है और अगले 6 दिनों में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
- आईएमडी के मुताबिक अगले 2 दिनों में पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.
राजस्थान में बढ़ने लगा है दिन का तापमान
राजस्थान में मौसम में बदलाव के साथ दिन का तापमान बढ़ने लगा है. बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान लूणकरनसर में 10.5 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा अजमेर, अलवर, जयपुर, पिलानी, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर और चुरू समेत कई और इलाकों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है.