एसवी कॉलेज में एक छात्रा के साथ हुई अभद्रता के मामले में कार्रवाई न होने पर एबीवीपी ने प्रदर्शन किया। छात्रा की शिकायत के बावजूद 20 दिनों से अधिक समय बीत जाने पर भी आरोपी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई…
एसवी कॉलेज में छात्रा से अभद्रता को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन -चीफ प्रॉक्टर का मांगा इस्तीफा, बीते दिनों छात्रों के साथ हुई थी घटना
अलीगढ़। वरिष्ठ संवाददाता। एसवी कॉलेज में बीते दिनों छात्रा के साथ हुई अभद्रता के मामले में कार्यवाही न होने पर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अंकुर शर्मा ने बताया बीते दिनों महाविद्यालय परिसर में अन्य विद्यार्थियों के सामने महाविद्यालय के छात्र द्वारा एक छात्रा पर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसके विरोध में छात्र ने छात्रा के चांटा मार दिया था। इसके बाद वह छात्र भाग गया। सूचना पर शिक्षक एवं कर्मचारियों द्वारा छात्र को ढूंढा गया लेकिन नहीं मिल पाया। इसके बाद छात्रा ने महाविद्यालय की महिला चीफ प्रोक्टर को इस प्रकरण से अवगत कराया एवं लिखित में अपने साथ हुई घटना की सूचना दी। कई आश्वासन महाविद्यालय द्वारा छात्रा को दिए गए लेकिन 20 दिन से ऊपर हो जाने के बाद भी महाविद्यालय ने आरोपी छात्र के ऊपर कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में प्रॉक्टर टीम की मुख्य जिम्मेदारी महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा का मुद्दा होती है लेकिन परिसर के अंदर इतना बड़ा प्रकरण होने के बाद भी महाविद्यालय ने कोई कार्रवाई नहीं की। बुधवार को काफी संख्या में एबवीपी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी की। महानगर मंत्री शैलेंद्र प्रजापति ने बताया कि 28 अक्टूबर तक नाम खारिज करने का आश्वासन विद्यार्थी परिषद की कार्यकर्ताओं को दिया गया है। अगर इसके बाद भी कार्यवाही नहीं होती है तो प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। प्रदर्शन के दौरान प्रशांत सिंह, पूरन यादव, चिराग भारद्वाज, अभिमन्यु सिंह, जतिन आर्य, पीयूष ठाकुर, पियूष पचौरी, लवकुश त्रिदेव राजपूत, निखिल भारद्वाज आदि मौजूद थे।