चित्रकूट में 1 घंटे हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना: किसानों ने की धान की रोपाई की तैयारी, लोगों को गर्मी से मिली राहत – Chitrakoot News

Spread the love share


जितेंद्र कुमार | चित्रकूट9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

चित्रकूट में 1 घंटे हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना

चित्रकूट में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे के बाद मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। आसमान में घने बादल छा गए और थोड़ी ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। मानसून की इस पहली बड़ी बारिश ने सड़कों, गलियों और खेतों को पानी से भर दिया, जिससे काफी समय से बारिश की राह देख रहे किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

धान की रोपाई को मिली रफ्तार

बारिश के तुरंत बाद कई किसान खेतों की ओर निकल पड़े। दीनदयाल संस्थान गली स्थित फार्म के कृषि वैज्ञानिकों ने बताया कि आगामी पांच दिनों तक अच्छी वर्षा के संकेत हैं। उन्होंने किसानों से धान की रोपाई की तैयारी तेज करने और खेतों में आई नमी का पूरा लाभ उठाने की सलाह दी है।

केवल धान ही नहीं, बल्कि ज्वार, बाजरा और अरहर जैसी फसलों की बुवाई की तैयारी भी जोर पकड़ रही है। खेतों की मेंड़ और मेड बांधने का काम शुरू हो चुका है। कई किसान बीजों की सफाई और उपचार में भी लग गए हैं। मिट्टी में नमी बढ़ने से बुवाई के लिए यह सबसे उपयुक्त समय माना जा रहा है।

गर्मी से राहत, मौसम हुआ सुहावना

लगातार कई दिनों से पड़ रही भीषण उमस से परेशान लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी है। बारिश के बाद ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी सुहावना बना दिया। बच्चे और बुजुर्ग खुली हवा का आनंद लेते नजर आए।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन और बारिश की पूरी संभावना है। ऐसे में प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जलभराव से फसलों की सुरक्षा के उपाय करें। खेतों की निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखें। उर्वरक व बीज समय से खरीद कर तैयार रखें।



Source link


Spread the love share