धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई।
छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिया के पास शुक्रवार शाम हुई इस दुर्घटना में मनमोहन सिंह गोंड (17) और कुंज लता देवांगन पिता सुरेश कुमार (19) ने जान गंवा दी।
।
मृतकों में एक नाबालिग था। दोनों ओडिशा के रहने वाले थे। दोनों दोस्त मड़ई मेला देखकर घर लौट रहे थे, तभी वनांचल के पुलिया के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
ओवरस्पीड अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को मारी टक्कर
दरअसल, धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनरौद कुकरेल के मध्य पुलिया के पास दो दोस्त अपने बाइक क्रमांक CG05 AQ 8248 से धमतरी से नगरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बनरौद पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों दोस्त हवा में उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिरे।
राहगीरों ने हादसे की जानकारी केरेगांव थाना की पुलिस को दी। जब पुलिस पहुंची और देखा कि दोनों बाइक सवार सड़क किनारे गिरे हुए थे। पुलिस ने दोनों युवकों को फौरन एंबुलेंस 112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मड़ई मेला देखकर लौटते वक्त हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मनमोहन सिंह गोंड पिता संतोष गोंड उम्र (17) और कुंज लता देवांगन पिता सुरेश कुमार (19) ग्राम महुआभाठा थाना रायघर जिला नवरंगपुर ओडिशा के रहने वाले हैं l दोनों दोस्त धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र के बेलरगांव में मड़ई मेला देखने के लिए आए हुए थे। जिसके बाद धमतरी शहर घूमने पहुंचे। तभी लौटने के दौरान सड़क हादसा हुआ और मौके पर नाबालिग सहित दोनों युवकों की मौत हो गई।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

एक दिन पहले सड़क सुरक्षा माह का समापन
सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, और इन दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके बावजूद, यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं।
एक दिन पहले ही सड़क सुरक्षा माह का समापन हुआ, जिसमें लोगों को दुर्घटनाओं से बचने और सुरक्षित तरीके से चलने के लिए जागरूक किया जा रहा था। हालांकि, सड़क सुरक्षा माह का असर फिलहाल नजर नहीं आ रहा है।