पटना में दिनदहाड़े मारपीट, चाकू और डंडे चले, जमीन विवाद में कई घायल, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

Spread the love share


पटना भूमि विवाद: बिहार की राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला मालसलामी थाना क्षेत्र के मारूफगंज मंडी का है. जहां शुक्रवार 20 जून की शाम करीब 5 बजे एक दुकान पर दो पक्षों के बीच जमीन विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई.

यह मंडी थाने से महज 300-400 मीटर की दूरी पर स्थित है. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. जिसमें डंडों और चाकू से हमला होता दिख रहा है. इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ लहूलुहान हालत में थाने पहुंचे.

सीसीटीवी में कैद हुई मारपीट

2 मिनट 59 सेकंड के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बड़ी संख्या में लोग दुकान के अंदर और बाहर मारपीट कर रहे हैं. एक पक्ष का दावा है कि 7 धुर जमीन उनकी है, लेकिन पुलिस से इंसाफ न मिलने की वजह से वे खुद कार्रवाई करने पहुंचे.

वीडियो में हमलावर यह कहते सुनाई दे रहे हैं, “हम पुलिस के पास गए, लेकिन इंसाफ नहीं मिला, अब यही रहेंगे.” इस दौरान चाकू और डंडों से हमले किए गए. जिसमें एक व्यक्ति खून से लथपथ हो गया, जबकि दूसरे पक्ष के एक शख्स के हाथ पर चाकू से वार हुआ.

पुलिस की सुस्ती पर सवाल

घटना के बाद मालसलामी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ठोस जवाब देने से बचती रही. थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा, मामले की जांच चल रही है. एक पक्ष के प्रभात कुमार ने बताया कि इस जमीन विवाद को लेकर पहले भी थाने में शिकायत दर्ज की गई थी लेकिन पुलिस की सुस्ती के चलते मामला लंबित रहा. शुक्रवार को जब वे अपनी दुकान वाली जमीन पर पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया. दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना दावा ठोक रहे हैं.

अपराध को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल

बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रोजाना अपराध को लेकर बुलेटिन जारी कर सरकार की नाकामी उजागर कर रहे हैं. वहीं, पुलिस के आला अधिकारी दावा करते हैं कि अपराध पर लगाम लगाई जा रही है. लेकिन मारूफगंज मंडी की इस घटना ने पुलिस की तत्परता और लोगों के भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

तमाशबीन बने रहे लोग

हैरानी की बात यह रही कि बीच बाजार में मारपीट होती रही और आसपास के लोग तमाशबीन बने रहे. इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था की स्थिति को उजागर किया, बल्कि यह भी दिखाया कि लोग पुलिस पर भरोसा खोकर खुद इंसाफ करने को मजबूर हो रहे हैं. फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.



Source link


Spread the love share