आखरी अपडेट:
छपरा के टेकनिवास बाजार में पिछले 12 वर्षों से एक खास लिट्टी दुकान अपने घरेलू मसालों और शुद्ध स्वाद के लिए मशहूर है. कोयले पर बनी लिट्टी और घर में तैयार मसालों से बना चिकन चखने के लिए लोग दूर-दराज से यहां पहुंचते हैं. जहां उन्हें बिल्कुल घर जैसा जायका मिलता है.
सारणः बिहार के सारण जिले में छपरा-सिवान मुख्य मार्ग पर स्थित रिविलगंज प्रखंड का टेकनिवास बाजार इन दिनों जायके के शौकीनों के लिए एक बड़ा केंद्र बन गया है. यहां का ‘सागर चाप लिट्टी’ स्टॉल अपने लाजवाब स्वाद के लिए पूरे जिले में मशहूर है. पिछले 12 वर्षों से सुरेंद्र और उनके भाई यहां लोगों को घरेलू मसालों से तैयार गरमा-गरम लिट्टी और चिकन परोस रहे हैं. जिसका स्वाद चखने के लिए लोग छपरा शहर ही नहीं, बल्कि एकमा और दाउदपुर जैसे दूर-दराज के इलाकों से भी कोसों दूर का सफर तय कर यहां पहुंचते हैं.
इस स्टॉल की सबसे बड़ी खासियत यहां इस्तेमाल होने वाले मसाले हैं. दुकानदार रौशन कुमार बताते हैं कि वे बाजार के रेडीमेड मसालों के बजाय घर पर तैयार किए गए मसालों को प्राथमिकता देते हैं. मीट मसाला, गरम मसाला, जीरा-मरीच और अदरक-लहसुन का ताजा पेस्ट पूरी तरह से घर पर ही तैयार किया जाता है. शुद्धता और घरेलू पद्धति से बनाए जाने के कारण इस चिकन का स्वाद वैसा ही होता है जैसे घर के चूल्हे पर बना हो. यही कारण है कि स्थानीय लोग इसे ‘घर जैसा स्वाद’ करार देते हैं.
कई लोग नियमित आते हैं खाने
ग्राहकों का भरोसा इस बात से भी झलकता है कि यहां कई लोग वर्षों से नियमित रूप से आ रहे हैं. स्थानीय ग्राहक अभिषेक यादव बताते हैं कि वे पिछले 8 सालों से यहां का चिकन-लिट्टी खा रहे हैं और उन्हें आज भी वही पुराना स्वाद मिलता है. एक छोटे से स्टॉल से शुरू हुआ यह सफर आज एक बड़े ब्रांड का रूप ले चुका है, जहां एक स्टॉल को संभालने के लिए दो से तीन लोग निरंतर सक्रिय रहते हैं.
शुद्ध देसी अंदाज में कोयले की आग पर सेंकी गई लिट्टी और गाढ़ी ग्रेवी वाला मसालेदार चिकन यहां की पहचान बन चुका है. टेकनिवास बाजार का यह स्टॉल इस बात का प्रमाण है कि यदि गुणवत्ता और स्वाद में ईमानदारी बरती जाए, तो ग्रामीण बाजारों के छोटे स्टॉल भी बड़े-बड़े होटलों को मात दे सकते हैं.
लेखक के बारे में
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.