महाराष्ट्र में उम्मीदवार घोषित करने में सबसे आगे रहेगी भाजपा! 100 नामों पर मंथन, पहली लिस्ट कभी भी

Spread the love share


हरियाणा विधानसभा चुनाव में उलटफेर वाली जीत हासिल करने के बाद से भाजपा उत्साहित है। अब महाराष्ट्र में भी भाजपा समय रहते ही उम्मीदवार घोषित करके प्रचार तेज करना चाहती है। ऐसा इसलिए ताकि वह उम्मीदवारों को माहौल बनाने के लिए वक्त देना चाहती है। इसके अलावा बड़े नेताओं के आयोजन तय करने से लेकर घोषणा पत्र जैसी चीजों पर भी काम करने के लिए वक्त चाहती है। इसी क्रम में भाजपा में मीटिंगों का दौर शुरू हो चुका है ताकि कैंडिडेट्स फाइनल किए जा सकें। महाराष्ट्र में टिकटों को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति की पहली मीटिंग बुधवार को थी।

इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 100 टिकटों पर विचार किया गया। ये वही सीटें हैं, जहां फिलहाल भाजपा के ही विधायक हैं। पार्टी को लगता है कि पहले उन सीटों पर कैंडिडेट्स तय कर लिए जाएं, जहां अपने ही विधायक हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि रिपीट होने वाले विधायकों को पहले से ही भरोसा मिल जाए कि वे चुनाव में उतर रहे हैं। वहीं जहां कैंडिडेट्स बदले जाएंगे, उन सीटों पर थोड़ा वक्त लग सकता है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस, आशीष शेलार, पंकजा मुंडे जैसे नेताओं की सीटों का पहले ही ऐलान हो सकता है।

खबर है कि अगले एक से दो दिनों में ही भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो सकती है। बुधवार को हुई मीटिंग में पीएम मोदी के अलावा जेपी नड्डा, अमित शाह, पीयूष गोयल और भूपेंद्र यादव मौजूद थे। इनके अलावा महाराष्ट्र से डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य नेता मौजूद थे। भाजपा की पहली लिस्ट में राज्य सरकार के कई मंत्रियों को भी शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा सीट शेयरिंग पर भी मंथन चल रहा है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार कुल 22 सीटों पर अब भी भाजपा, शिंदे सेना और अजित पवार की एनसीपी के बीच मतभेद हैं। इन सीटों का बंटवारा होते ही गठबंधन का फॉर्मूला भी शेयर किया जा सकता है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का कहना है, ‘हम पहले अपनी जीती हुई सीटों पर मंथन कर रहे हैं। इसके बाद एकनाथ शिंदे और अजित पवार से सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय करेंगे।’ बता दें कि 2019 के चुनाव में भाजपा 105 सीटों पर जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके बाद भी वह सरकार नहीं बना सकी थी क्योंकि शिवसेना ने अलग होकर कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बना ली थी। लेकिन यह गठबंधन तक टूट गया, जब एकनाथ शिंदे ने 40 विधायकों के साथ बगावत कर ली। तब से वह राज्य के सीएम हैं और भाजपा के सीनियर लीडर देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम बने हुए हैं। राज्य में 20 नवंबर को वोटिंग होनी है और 23 को परिणाम घोषित होंगे।



Source link


Spread the love share